संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। नशा मुक्ति अभियान के तहत मंगलवार सुबह तावडू उपमंडल के गांव बावला में पुलिस ने नशा तस्करों के 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। हालांकि, तलाशी के दौरान न तो आरोपी पकड़ाया और न ही किसी भी स्थान से नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। संयुक्त कार्रवाई तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान के नेतृत्व में की गई। अभियान में सीआईए तावडू, सीआईए पुन्हाना, थाना सिटी तावडू, थाना मोहम्मदपुर अहीर, थाना सदर तावडू, खोरी पुलिस चौकी की टीम और डॉग स्क्वायड शामिल थे। साथ में ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद थे। डीएसपी ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी है। बावला गांव नशा तस्करी के लिए बदनाम रहा है, इसलिए यहां नियमित रूप से दबिश दी जाती हैं। आज भी इसी कड़ी में छापेमारी अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।