संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से जिले में विभिन्न राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षणों के तहत चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे। सहायक निदेशक अग्रिमा रस्तोगी ने बताया कि नूंह जिले में नगीना, रायगढ़, खोरी कलां, तावडू, घासेड़ा, मदापुर, मेवली और लहरवाड़ी सहित आठ क्षेत्रों को सर्वेक्षण के लिए चुना गया है।उन्होंने बताया कि आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, प्रवासन विवरण सर्वेक्षण, ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण तथा कृषि परिवारों का स्थिति आकलन सर्वेक्षण किया जाएगा। इनके माध्यम से रोजगार, घरेलू आय, प्रवासन के कारण, पारिवारिक संपत्ति, ऋण और कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। अग्रिमा रस्तोगी ने चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से सर्वेक्षण में लगे अधिकारियों को सही और पूर्ण जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा।