प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगे की सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले के लोगों को जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिल सकती है। जिला रोडवेज ने परिवहन विभाग को 10 इलेक्ट्रिक बसों की मांग भेजी है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगे की सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रक्रिया शुरू होगी।
जिला रोडवेज के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में सभी जिलों से उनकी आवश्यकता के अनुसार मांग मांगी गई थी। जिले के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसों की मांग विभाग को भेज दी है। उन्होंने बताया कि मांग को मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया जैसे आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की तैयारी और विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद जिले में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
वर्तमान में पलवल रोडवेज के बेड़े में कुल 109 बसें हैं। हालांकि चालक और परिचालकों की कमी के कारण इनमें से केवल 85 बसें ही नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। जिले की आबादी करीब 15 लाख होने के कारण सार्वजनिक परिवहन की मांग लगातार बढ़ रही है।
महाप्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में रोडवेज के पास करीब 125 चालक और 175 परिचालक कार्यरत हैं। स्टाफ की कमी दूर होने पर अधिक बसों का संचालन संभव हो सकेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी तथा प्रदूषण में भी कमी आएगी।