सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे, हादसे में एक युवक घायल
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागा, तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। गुरुग्राम-अलवर रोड पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास शनिवार रात बेकाबू डंपर ने वैन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन में सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी अंबेडकर सर्किल रोड से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की ओर मुड़ी, उसी दौरान अलवर रोड की तरफ से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन सड़क किनारे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। वैन में सवार सोहना निवासी अनिल (28), विवेक (30) और गुरुग्राम निवासी रवि (30) की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। घायल सोहना निवासी अभिषेक (25) का मांडीखेड़ा स्थित अल-अफिया सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। उसका चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सिटी थाना के जांच अधिकारी शिव प्रकाश ने बताया कि पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।