लाखों का सामान जलकर खाक, कोई हताहत नहीं, तीन घंटे में पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे बाबरी मोड़ के पास किसान अपने खेत में फसल काटने के बाद बचे अवशेषों को जला रहा था। इसी दौरान चली तेज हवा से आग पास में टायर गोदाम तक फैल गई। इस दौरान गोदाम में रखे सैकड़ों टायर, स्पेयर पार्ट्स, बैटरी व अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। गोदाम पर मौजूद कर्मचारियों ने इसकी सूचना दमकल विभाग व होडल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए और लगभग तीन घंटे में आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुई। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। अगर पास में बने पेट्रोल पंप आग की चपेट में आ जाता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़ित टायर गोदाम के मालिक ने खेत मालिक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। वहीं थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
फोटो कैप्शन-होडल में टायर के गोदाम में लगी आग का दृश्य