ट्रेन पलटने से रुकने का मामला, रेल अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। दिल्ली-आगरा रेलवे ट्रेक पर मंगलवार की सुबह कोटा से चलकर निजामुद्दीन जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के होडल रेलवे स्टेशन के पास पलटने से बाल-बाल बची थी। इस घटना के बाद आगरा मंडल के डीआरएम गगन गोयल बुधवार की दोपहर होडल रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही बरतने के मामले में कड़ी फटकार लगाने के अलावा लापरवाही बढ़ाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
दरअसल, मंगलवार की सुबह कोटा से निजामुद्दीन जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्री को हार्ट अटैक की सूचना मिलने के बाद कंट्रोलर ने लूप लाइन पर ग्रीन सिग्नल कर दिया लेकिन कुछ ही दूरी पर लूप लाइन पर मरम्मत का कार्य चल रहा था और कर्मचारियों ने मरम्मत के कार्य को लेकर लाल झंडी लगाई हुई थी। लाल झंडी को देखने के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी और ट्रेन पलटने से बच गई। इस घटना में लापरवाही बरतने के मामले में मंडल अधिकारियों ने होडल ऑफ स्टेशन प्रबंधक सतबीर सिंह को सस्पेंड करने के बाद विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक सुमंत कुमार, उप प्रबंध दौलत राम के अलावा दर्जनों की संख्या में रेलवे आला अधिकारी मौजूद रहे।