पलवल। ट्रक चालक के वेतन मांगने पर मालिक ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी शव को अनाज मंडी में फेंक कर फरार हो गए। घटना शुक्रवार रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। कैंप थाना पुलिस ने मृतक के मामा की शिकायत पर एक नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
कैंप थाना पुलिस के प्रभारी इंस्पेक्टर यादराम ने बताया कि गांव शमशाबाद निवासी टीकाराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि दिल्ली के वजीरपुर निवासी उसका भांजा धर्मेंद्र नया गांव निवासी अजीत सिंह के ट्रक पर चालक था और मोहन नगर में किराये पर परिवार सहित रहता था। ट्रक मालिक ने कई महीने से उसको वेतन नहीं दिया था। शुक्रवार को वेतन मांगने को लेकर अजीत और धर्मेंद्र के बीच कहासुनी हुई। अजीत ने अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर ट्रक की बैटरी और तिरपाल चोरी करने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को धान के कट्टों के ऊपर फेंककर फरार हो गए।
टीकाराम का कहना है कि वह शनिवार सुबह मंडी में सब्जी लेने के लिए जा रहा था, तो भीड़ दिखाई दी। वहां जाकर देखा तो धर्मेंद्र का शव पड़ा हुआ था। शरीर पर चोटों के निशान थे। इस बारे में पुलिस को शिकायत दी गई।