- बीती साल की थी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी, अब कर रहा एमडी की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। रेलवे लाइन के समीप सैर के लिए गए डॉक्टर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक ने पिछले साल ही एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और अब वह एमडी में प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। पलवल जीआरपी चौकी ने मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत से परिवार सदमे में है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर धनीराम के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि बामनीखेड़ा से दीघोट रेलवे फाटक के बीच में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव की पहचान गांव बामनीखेड़ा निवासी 27 वर्षीय अंकित शर्मा के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि अंकित खाना खाकर सैर करने के लिए घर से निकला था और ट्रेन की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार अंकित शर्मा ने साल 2023 में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज बैंगलोर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। अब वह एमडी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने प्रवेश परीक्षा भी दी थी। अंकित के मौत से गांव में गम का माहौल है। बता दें कि अंकित के पिता रामनारायण गांव में ही दुकान करते हैं। वे दो भाई थे। बड़े भाई की शादी चुकी है, जबकि अंकित अभी अविवाहिता था। पुलिस ने मंगलवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।