संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। फिरोजपुर झिरका स्थित शमसुद्दीन पार्क के निकट शनिवार को सद्भावना मंडप भवन में समाज सुधार जमात की ओर से एक विशाल सामूहिक मशवरा बैठक आयोजित की गई। इसको मुफ्ती जाहिद हुसैन, मौलाना अथहर (शेरे पंजाब) फिरोजपुर झिरका विधायक चौधरी मामन खान इंजीनियर, पूर्व विधायक नसीम अहमद, पूर्व डिप्टी स्पीकर चौधरी आजाद मोहम्मद आदि ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि अपराधियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता, अपराधी सिर्फ अपराधी होता है। उन्होंने समाज से बुराइयों को समाप्त करने के लिए पहले समझाने और जरूरत पड़ने पर सामाजिक स्तर पर बहिष्कार पर जोर दिया। बैठक की सबसे खास बात यह रही कि विभिन्न राजनीतिक दलों और विचारधाराओं से जुड़े नेता एक ही मंच पर समाज हित के मुद्दे पर एकजुट दिखाई दिए, जिसने सामाजिक सौहार्द और एकता का मजबूत संदेश दिया।
मदरसा के छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
इससे पहले शाही इमाम मुफ्ती साकिर हुसैन के नेतृत्व में सैकड़ों मदरसा छात्रों ने जामा मस्जिद से जागरूकता मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और सामाजिक संदेश लिखे स्लोगन लेकर चौपड़ा बाजार से होते हुए, लाल कुआं चौक, मुख्य बाजार और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सर्किल से गुजरते हुए सद्भावना मंडप भवन पहुंचा। पूरे मार्ग में सामाजिक बुराइयों गौ हत्या बंद करो, साइबर अपराध बंद करो, गौ हत्या पाप है, के नारे गूंजते रहे ।
कार्यक्रम में एसडीएम लक्ष्मी नारायण तथा सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र भी शिरकत की। एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने समाज सुधार जमात की सराहना करते हुए कहा कि नशा, साइबर फ्रॉड, गौहत्या, दहेज, डीजे और अश्लील आयोजनों जैसी सामाजिक बुराइयों का समाज को मिलकर बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के अपराध का दुष्प्रभाव पूरे समाज को झेलना पड़ता है, लेकिन समाज सुधार जमात जैसी पहल इन बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगा सकती है।