पलवल।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा राजकुमार लौहान ने शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वीवीपैट की सुरक्षा, रखरखाव और रिकॉर्ड से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरणों और प्रवेश-निकास व्यवस्था की जांच की। साथ ही मशीनों के रखरखाव और रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेज की समीक्षा की। उन्होंने जिला निर्वाचन विभाग को वेयरहाउस से संबंधित लॉगबुक नियमित रूप से अपडेट करने और सभी प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पलवल विधानसभा के बूथ संख्या-35, 41, 79 और 90 का भी निरीक्षण किया।
राजकुमार लौहान ने कहा कि वेयरहाउस में रखी चुनाव सामग्री की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। सुरक्षा उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित जांच की जाए। तकनीकी खराबी या सुरक्षा संबंधी समस्या मिलने पर तुरंत सुधार किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नगराधीश प्रीति रावत, चुनाव कानूनगो जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।