पलवल। बेटा पैदा नहीं होने पर बृहस्पतिवार को तलाक देने और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। गदपुरी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी राहुल खान ने बताया कि गांव मंदपुरी निवासी अंजुम ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी वर्ष 2013 में गांव खाईका निवासी हैदर अली के साथ हुई थी। उसके दो बेटियां हैं। पीड़िता को जब बेटा नहीं हुआ तो पति व परिवार के अन्य सदस्य बात-बात पर ताना देने लगे। 10 मार्च को पति के मामा के बेटे इस्तियाक निवासी बिसरू (नूंह) ने कहा कि अपनी पत्नी को तलाक दे दो, वह अपनी बहन से शादी करा देगा। पति ने बृहस्पतिवार को तीन तलाक कहकर तलाक दे दिया। पीड़िता का आरोप है कि पति, ससुर नूर मोहम्मद, सास रवनाक व ननद साइना ने मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। संवाद