-अवैध कॉलोनियों में प्लांट खरीदने से बचें लोग-डीटीपी अनिल मलिक
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। उपमंडल में नूंह-होडल व होडल-पुन्हाना सड़क मार्ग पर जिला नगर योजनाकार की टीम ने भारी पुलिस दल के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट अरशद अली के नेतृत्व में अवैध रूप खेती योग्य भूमि पर हो रही प्लॉटिग व अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर से धराशाही कर दिया। जिला एवं नगर योजनाकार अनिल मलिक ने लोगों से अवैध कॉलोनियों में पैसे का निवेश नहीं करने की अपील भी की हैं।
मंगलवार को जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक की टीम ने होडल-नूंह सड़क मार्ग 15 एकड़ व होडल-पुन्हाना सड़क मार्ग पर दस एकड़ कृषि योग्य भूमि में काटी गई अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला डाला। इस दौरान अवैध रूप से कॉलोनी काट रहे लोगों ने विरोध करने की कोशिश की तो सब इंस्पेक्टर शेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उन्हें समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक ने बताया कि मार्च महीने में निकाय चुनाव व बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान पुलिस दल उपलब्ध नहीं हो पाया, जिसके चलते तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं हो पाई। सोमवार को जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार द्वारा ली गई। बैठक के बाद पुलिस दल व ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ पंचायती राज अरशद अली के नेतृत्व तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले गांव गुदराना में दस एकड़ में चार कॉलोनियों जबकि घारम पट्टी में 18 एकड़ में तीन अवैध कॉलोनियों के कच्चे रोड निर्माण सहित प्लॉटों की डीपीसी, चार प्लॉटों की चार दिवारी और दो निर्माण को तोड़ा गया। जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक ने बताया कि पुलिस बल की सहायता से लगातार विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों में तोड़-फोड़ की जा रही है। जिले में किसी भी अवैध कॉलोनी को पनपने नहीं दिया जाएगा। तोड़फोड़ दस्ते में विभाग जेई ओमप्रकाश राघव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।