संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। द सहकारी चीनी मिल पलवल में गन्ना किसानों और मिल के गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों की किसान गोष्ठी हुई। अध्यक्षता मिल की प्रबंध निदेशक द्विजा ने की। बैठक में किसानों की समस्याओं, सुझावों और आगामी पेराई सत्र को लेकर चर्चा की गई। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने गन्ने का क्षेत्रफल, उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों को उन्नत खेती के लिए तकनीकी मार्गदर्शन देने पर जोर दिया। अधिकारियों ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, संतुलित खाद-उर्वरक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान समंदर सिंह, बाबू राम और देशराज सहित किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे। अधिकारियों ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।