सस्ता सोना बेचने के नाम पर चार लाख लूटे
पलवल। सस्ता सोना बेचने के नाम पर दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से गन प्वाइंट पर चार लाख रुपये लूट लिए। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हथीन गेट चौकी प्रभारी टेक सिंह के अनुसार यूपी के जिला संभल के बेला गांव निवासी जाहिद ने शिकायत दी है कि उसके पास 20 दिसंबर को एक नंबर से फोन आया और कहा कि वह राहुल बोल रहा है, उसे खुदाई में 10 किलो सोना मिला है। जिसे वह 10 हजार रुपये तोले के हिसाब से बेचना चाहता है। पीड़ित उनके पास पहुंचा तो उन्होंने सैंपल दे दिया, जिसे चेक कराया, तो वह असली सोना था। आरोपी ने कहा कि वह चार लाख रुपये लेकर आ जाए। पीड़ित ने पैसों का इंतजाम किया और तीन जनवरी को पलवल के गांव रायपुर स्थित पेट्रोल पंप पर अपने बेटे के साथ पहुंच गया। इसी दौरान दो युवक आए और उसे पेट्रोल पंप के पीछे चलने के लिए कहा। जहां आरोपियों ने उससे गन प्वाइंट पर रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपी आपस में अपने नाम ताहिर व सकील ले रहे थे।