संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। कस्बा नगीना के गोहरवाली चौक में श्री रामलीला विकास कमेटी (रजिस्टर्ड) के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम की आरती और पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। संरक्षक रजत जैन ने बताया कि मंचन में श्रीराम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सुग्रीव राजतिलक और लक्ष्मण द्वारा सुग्रीव को वचन याद दिलाने के प्रसंग प्रस्तुत किए गए। अशोक वाटिका में रावण और माता सीता के संवाद, हनुमान जी का प्रवेश, माता सीता को मुद्रिका देना, अक्षय कुमार वध तथा मेघनाथ द्वारा हनुमान जी को ब्रह्मपाश में बांधने के दृश्यों ने दर्शकों को भावुक और रोमांचित किया। अमित जांगड़ा ने मां काली के भजन पर भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत किया। मंच का संचालन रजत जैन ने किया। रोहित शर्मा ने रावण, मुकेश शर्मा ने राम, पवन भटनागर ने लक्ष्मण, विकास दक्ष ने सीता, सुभाष सैनी ने हनुमान, ओमप्रकाश प्रजापत ने सुग्रीव और दीपक कालरा ने बाली की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कमेटी पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।