डेंगू व मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से उचित प्रबंध किए गए हैं। चिकित्सा अधिकारी डा. आदित्य गुप्ता ने बताया कि जिले में डेंगू व मलेरिया के कारण अभी तक किसी की मृत्यु नहीं हुई है।
इस वर्ष जिला क्षेत्र में कुल 31 केस पीवी मलेरिया के पाए गए हैं। मलेरिया व डेंगू की रोकथाम के लिए विभिन्न सात स्प्रे टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा होडल, हथीन व दूधौला स्वास्थ्य केन्द्रों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में स्प्रे के लिए विशेष अभियान चलाया गया है।
शहरी क्षेत्र में फॉगिंग के लिए एक बड़ी वाहन युक्त मशीन के अतिरिक्त पांच हेड ऑपरेटिड मशीनें नगर परिषद को प्रदान की गई हैं। गुप्ता ने बताया कि मलेरिया व डेंगू की निशुल्क जांच तथा उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
सभी निजी प्रयोगशालाओं को डेंगू के एनएसआईआईजीएम टेस्ट के लिए 600 रुपये से अधिक शुल्क न लेने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान डेंगू पॉजिटिव पाए जाने पर संबंधित केस को तुरंत पलवल के नागरिक अस्पताल में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक अस्पताल पलवल में अलग वार्ड एवं अलग चिकित्सा अधिकारी की ड्यूटी भी लगाई गई है।