विधानसभा में विधायक मोहम्मद इसराइल ने की
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उटावड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज को अपग्रेड कर इंजीनियरिंग कॉलेज के रूप में परिवर्तित करने की मांग बुधवार को हरियाणा विधानसभा में उठाई गई। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने सदन में कहा कि उटावड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज लगभग 40 वर्ष पूर्व स्थापित किया गया था। इसके बाद से न तो इसका विस्तार किया गया और न ही अपग्रेड।
विधायक ने कहा कि हथीन क्षेत्र पिछड़ा हुआ है। यहां के छात्रों को इंजीनियरिंग डिग्री प्राप्त करने के लिए फरीदाबाद, पलवल एवं अन्य स्थानों के कॉलेजों में दाखिला लेना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। यदि उटावड़ पॉलिटेक्निक को अपग्रेड कर इंजीनियरिंग कॉलेज बनाया जाए तो स्थानीय छात्रों को बी.टेक सहित अन्य इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
विधायक की मांग का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि उटावड़ पॉलिटेक्निक सफलता पूर्वक संचालित हो रहा है। इसके बावजूद यदि विधायक कोई मांग रखते हैं तो वे व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और संभव हुआ तो उसे पूरा भी किया जाएगा।