पलवल।
जिला उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और नागरिक संतुष्टि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। शुक्रवार को उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न शिकायत निवारण पोर्टलों पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने सीएम विंडो, सीपीजीआरएएमएस, सीएम जनसंवाद, समाधान शिविर और सीएम एसएमजीटी हरियाणा पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इससे पहले राज्य स्तरीय जनसंवाद समीक्षा बैठक में उच्चाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ समीक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोर्टल पर अपलोड की जाए। रिपोर्ट में कार्रवाई का स्पष्ट विवरण और संबंधित दस्तावेज होने चाहिए। बिना हस्ताक्षर व मुहर के एटीआर अपलोड न करें। अधिकारियों को नियमित रूप से डीडीओ लॉगिन चेक करने और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के साथ डिस्पोज ऑफ स्कोर में सुधार करने के निर्देश भी दिए।