पुलिस की टीम चाकू बरामदगी और अन्य की गिरफ्तारी का कर रही प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। बहीन स्थित जिम में 26 जून को पहाड़ी गांव निवासी दीपक की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी नितिन को बहीन थाना पुलिस ने स्थानीय अदालत में पेश किया। अदालत ने पुलिस के आग्रह पर आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर सौंप दिया है।
थाना प्रभारी यशवीर ने बताया कि रिमांड अवधि में हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के प्रयासों में लगी हुई है।
आरोपी नितिन को अदालत पेशी से पहले हथीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच के लिए लाया गया। जांच के दौरान आरोपी के कपड़ों पर मृतक दीपक का खून लगा पाया गया। पुलिस ने खून लगे कपड़ों के सैंपल लेकर उन्हें सील कर दिया है। यह रक्त नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। इस बीच मृतक के पिता गोपाल ने पुलिस प्रशासन से तीनों फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।