संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार सुबह से सीटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में जांच की सुविधा नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ा। निजी केंद्रों पर सीटी स्कैन कराने के लिए उन्हें अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़े। मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में उपचार के बावजूद जरूरी जांच के लिए निजी केंद्र जाना पड़ा, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मशीन में तकनीकी खराबी के कारण सीटी स्कैन नहीं हो पाया। मशीन को ठीक कराने के लिए इंजीनियर को बुलाया गया है। जल्द ही तकनीकी खराबी दूर कर मशीन को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।