पुलिस की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने नकली सोने की ईंट से ठगी के आरोपी टटलू गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी राकेश उर्फ बब्बर ने पुलिस को बताया कि 23 मार्च को वह अपने घर पर थे। बाइक सवार दो युवक उनके घर आए और बताया कि वह मेवात के तिरवाड़ा के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। कुछ समय पूर्व गांव में खुदाई के दौरान उन्हें एक सोने की ईंट मिली थी। उन्होंने राकेश को एक सोने जैसी धातु की एक ईंट दिखाई और उसे 50 हजार में बेचने के लिए कहा। जब राकेश ने पैसे होने से इंकार किया तो आरोपियों ने कहा कि उन्हें अभी 10 हजार रुपये की सख्त जरूरत है, बाकी अगले दिन लेने को कहा। राकेश ने उन्हें 10 हजार रुपये दे दिए और ईंट को रख लिया।
राकेश के अनुसार उनके जाने के बाद उसने ईंट की जांच करवाई तो वह पीतल की निकली, जिसे सोने की ईंट की तरह बनाया हुआ था। 24 मार्च को जब दोनों बाकी पैसे लेने आए तो राकेश ने उनमें से एक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम साहिल उर्फ सोआले निवासी तिरवाड़ा मेवात बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।