गांव मोहम्मदपुर अहीर के ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली पानी की समस्या से नाराज होकर तावडू मोहम्मदपुर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम लगने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर पुलिस व बिजली विभाग के जेई कैलाश व एएसआई अतर सिंह मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीबन डेढ़ घंटे बाद जाम खोला।
अधिवक्ता मुकेश यादव, सूबेदार रामसिंह, कंवरलाल, शौराब, गुलाब सिंह, आदि ने बताया कि गांव में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के नलकूपों की तीन मोटर दो महीने से और एक मोटर 15 दिनों से खराब है। जिन्हें विभाग के अधिकारी बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं बदल रहे हैं। इस कारण गांव में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना था की गांव में बिजली सुचारू रूप से नहीं आ रही है। पिछले 36 घंटे से बिजली की लाइन खराब है।