जान से मारने की नीयत से हमला, मारपीट व धमकी देने के कई मामलों में संलिप्त व अदालत से भगौड़ा घोषित आरोपी को कैंप थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कैंप थाना प्रभारी विश्व गौरव के अनुसार, पलवल की न्यू कॉलोनी निवासी व मूलरूप से फरीदाबाद के अंजरौंदा निवासी संदीप उर्फ पड्डा उर्फ अनुज को मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात को कॉलोनी स्थित नाले के पास से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि संदीप पर कैंप थाने में 25 अप्रैल वर्ष 2012 में मारपीट व जान से मारने की धमकी, नौ अक्तूबर वर्ष 2014 में अवैध हथियार, जान से मारने की नीयत से हमला व धमकी देने और 16 अप्रैल वर्ष 2014 में हथियार के बल मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के तीन मामले दर्ज हैं। उस पर शहर थाना में भी वर्ष 2012 में जान से मारने की नीयत से हमला व धमकी देने का एक मामला दर्ज है।
सभी मामलों में वह अदालत में विचारधीन था। संदीप कोर्ट के तय समय के अनुसार, अदालत में पेश नहीं हो रहा था। अदालत ने उसे सभी मामलों में भगौड़ा घोषित किया था। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी।