बुधवार की देर रात बस स्टैंड चौक के समीप से रोडरेज में टायरों से भरे ट्रक को लूट ले गए आरोपियों को अदालत ने जेल भेज दिया है। आरोपियों के एक अन्य साथी की पुलिस तलाश कर रही है। थाना प्रभारी सुमन के अनुसार गांव नहारपुर रामगढ़ जिला अलवर (राजस्थान) निवासी फजरुद्दीन ने बताया कि उसके ट्रक में टायर भरे हुए थे। 24 नवंबर की देर रात करीब दो बजे पलवल बस स्टैंड चौक के समीप उसके ट्रक व एक कार की आपस में भिडंत हो गई। जिस पर कार सवार तीन लोग ट्रक को लूटकर ले गए।
कंट्रोल रूम पर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। ट्रक में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ है, जिसके माध्यम से पुलिस ने ट्रक को गांव मिंडकौला से बरामद कर लिया। वहीं पुलिस ने ट्रक को लूटने वाले गांव मिंडकौला निवासी राजेंद्र पुत्र रामजीलाल व गांव भौंडसी गुरुग्राम निवासी प्रवीण पुत्र रमनलाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस आरोपियों के अन्य साथी की तलाश में जुटी में हुई है।