खंड के गांव भंगूरी के पास से रविवार को अगवा किए गए युवक को पुलिस ने पुन्हाना से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने तीन अपहर्ताओं को भी काबू किया है, अदालत में पेश कर एक आरोपी को तो जेल भेज दिया गया जबकि दो को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जांच अधिकारी महेंद्र सिंह के अनुसार राजस्थान के व्यापारी रमेश के कारिंदे कु तबुद्दीन को रविवार को अगवा किया गया था। व्यापारी रमेश की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार कुतबुद्दीन के पास करीब तीन लाख रुपये की नगदी भी थी, जिसे अपहर्ता ले गए थे।
पुलिस ने जांच के दौरान अंधरौला गांव के असलम, गुराकसर गांव के जैकम एवं बाई गांव के इकलाख को काबू कर सोमवार को कुतबुद्दीन को रिहा करा लिया। मंगलवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने असलम को तो 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया तथा जैकम व इकलाख को 27 अक्टूबर तक के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है।
जांच अधिकारी के अनुसार अपहरण में प्रयोग की गईं दो बाइक को भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में लूटे गए तीन लाख नौ हजार रुपये का कैश तथा वह बोलेरो भी बरामद करनी हैं जिसके माध्यम से कुतबुद्दीन का अपहरण किया गया था।