असावटा मोड़ पर मंगलवार को एक हौंडा सिटी गाड़ी ने आगे चल रहे एक ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो पलट गया और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
मंगलवार की सुबह गांव टीकरी ब्राह्मण निवासी चतुर्भुज, उसके पिता पीतांबर व गांव के ही निरोत्तम, शंकर व किशन अपने गांव के ही एक ऑटो में सवार होकर पलवल की तरफ जा रहे थे। जब ऑटो असावटा मोड़ के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रही एक होंडा सिटी कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया तथा वहां चीख पुकार मच गई।
दुर्घटना होते देख वहां लोग एकत्रित हो गए तथा ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दुर्घटना में पीतांबर की मौके पर ही मौत हो गई । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया तथा घायलों को उपचार के लिए भिजवा दिया। गाड़ी चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।