कार सवार का रास्ता रोककर फायरिंग की
पलवल। गांव रसूलपुर में हो रहे स्कूल निर्माण में निर्माण सामग्री डालने को लेकर कार सवार चार लोगों ने एक अन्य कार सवार को रास्ते में रोककर हवाई फायरिंग की। वहीं भीड़ ने मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि उसके तीन अन्य साथी जान से मारने की धमकी देकर कार सहित मौके से फरार हो गए। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप के अनुसार गांव बडौली निवासी मनदीप ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव रसूलपुर में नवोदय स्कूल का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां पर मनदीप रोड़ी क्रेशर डालता है। वहीं पर गांव मुजैडी (फरीदाबाद) निवासी पंकज भी माल डालने लगा। गत सात अक्तूबर को पंकज ने फोन पर मनदीप से गाली-गलौच की। जिस पर मनदीप ने उससे मिलकर बात करने के लिए कहा। मनदीप शाम को कार में पलवल से अपने घर जा रहा था। जब वह गांव रसूलपुर के समीप पहुंचा तो पंकज व उसके तीन अन्य साथी कार लेकर आए और मनदीप की कार को रुकवा ली। मनदीप कुछ समझ पाता उक्त युवकों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए और एक युवक पंकज को पकड़ लिया। जबकि पंकज के तीन साथी जान से मारने की धमकी देकर कार सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पंकज को गिरफ्तार कर लिया और उसके फरार साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।