दहेज की रकम पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को घर से निकाला, मुकदमा दर्ज
- हथीन के वार्ड नंबर-6 का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
हथीन। शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज की मांग कर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला उपमंडल के वार्ड से सामने आया है। दहेज लोभी ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की लाख मिन्नतों को दरकिनार कर ससुराल वाले अपनी मांगों पर अड़े रहे। अंत में थक-हारकर पीड़िता ने हथीन थाना में ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हथीन की वार्ड नंबर 6 निवासी शालू रानी ने एफआईआर दर्ज करायी है कि उसकी शादी 22 जनवरी 2017 को हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि पति अश्वनी एवं ससुराल के अन्य लोगों ने शादी के तीस दिन बाद ही कार और पांच लाख रुपये नगद की मांग कर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच पंचायती स्तर पर भी प्रयास किये गए। पीड़िता के भाई सचिन का आरोप है कि अनुनय-विनय के बावजूद ससुराल वालों का दिल नहीं पसीजा। पीड़िता ने नौ महीने तक इंतजार किया। समाधान न निकलने पर अब हथीन थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। जाँच अधिकारी धर्मेन्द्र ने बताया कि इस मामले में हाउसिंग बोर्ड पलवल निवासी पीड़िता के पति अश्वनी, ससुर राधेश्याम, सास प्रेमलता, ननद प्रीति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का पति इंडियन ओवरसीज बैंक फरीदाबाद की ब्रांच में कार्यरत है। जाँच अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट किया जायेगा।