दो चोरों से की छह मोटरसाइकिलें बरामद
हथीन। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की छह मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ कहीं जा रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने गड़िया लतीपुर फरह मथुरा निवासी रामू उर्फ देव व शिव सिंह नामक दो युवकों को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल लिया। पुलिस ने आरोपियों की शिनाख्त पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों को शनिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। उन्होंने बताया कि इनसे चोरी के कई और मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।