घर लौट रहे डीजे संचालक पर रॉड से हमला
-बदमाश 52 हजार रुपये और डीजे की मशीनों को लूटकर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। रात के समय बुकिंग कर वापस घर लौट रहे डीजे संचालक पर लोहे की रॉड से हमला कर सात-आठ युवक हजारों रुपये की नकदी और डीजे मशीनों को लूटकर फरार हो गए। घायल अवस्था में डीजे संचालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद व छह अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी धर्मपाल के अनुसार पलवल के गांव मिरपुर कौराली निवासी प्रेमराज ने बताया कि उसका डीजे का काम है। गत 29 जनवरी की शाम को प्रेमराज डीजे की बुकिंग पर गांव फुलवाड़ी गया हुआ था। रात के समय लगभग 11 बजे पीड़ित बुकिंग समाप्त कर वापस घर जा रहा था, जब पीड़ित रात साढ़े 11 बजे गांव बामनीखेड़ा के समीप पहुंचा तो गांव फुलवाड़ी निवासी आठ युवक बाइकों पर सवार होकर आए और उसे रोक लिया। रुकते ही युवकों ने पीड़ित पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और उससे 52 हजार 200 रुपये और दो डीजे की मशीनों को लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने दो युवकों को पहचान लिया, जिनके नाम उधम व विक्रम है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।