गोली मारकर किया युवक को घायल
-पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की आरोपी की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। क्षेत्र के गांव बांसवा में खेतों में घूमने के लिए गए एक युवक पर गांव की युवक द्वारा जान से मारने की नीयत से गोली मारकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए शहर के किशन सिंह अस्पताल में ले गए जहां घायल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फरीदाबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हसनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि गांव बांसवा निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई नटवर खेतों की तरफ घूमने के लिए गया हुआ था। उसी दौरान उसके पास नटवर का फोन आया कि गांव निवासी अर्जुन ने उसे गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद वह और उसके पिता मौके पर पहुंचे और घायल को निकट के अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया और मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने दीपक की शिकायत पर अर्जुन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अदालत से लौट रहे युवकों पर किया हमला, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। अदालत से केस की कार्यवाही कर लौट रहे दो युवकों पर गाड़ी सवार कुछ लोगों द्वारा हमला, लूटपाट व हवाई फायर किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव बेढ़ा पट्टी निवासी जगदीश के बेटे राकेश व नरेश होडल अदालत में तारीख भुगतने के बाद बाइक द्वारा घर के लिए लौट रहे थे। रास्ते में गाड़ी सवार युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर मारपीट शुरू कर दी जिसमें वह दोनों बेहोश हो गए। जगदीश ने बताया कि हमलावर उनके बेटों से 50 हजार रुपये की नगदी व सोने की चैन लूटकर ले गए और जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी दे गए। पुलिस ने जगदीश के बयान पर कृष्ण, रोहताश, बाबु अनिल, भोला व दो अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है