कंपनी में मशीन पर काम करते हुए कर्मचारी के हाथ कटे
पलवल। गांव पृथला स्थित स्वास्तिक ऑटोमेच प्राईवेट लिमिटेड कंपनी में खराब मशीन पर काम करते समय एक वर्कर के दोनों हाथ कट गए। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के पिता की शिकायत पर कंपनी के ठेकेदार, एचआर और मुख्य प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हवलदार कुशल कुमार ने बताया कि पुराने सोहना रोड के समीप एक नगर में किराए पर रहने वाले धनीराम ने बताया कि वह मूलरूप से मंगरई, जिला टीकमगढ़ (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है। वह अपने बेटे राहुल के साथ पलवल में रहता है। राहुल पिछले 20 दिनों से पृथला स्थित स्वास्तिक ऑटोमेच कंपनी में काम करता है। राहुल जिस मशीन पर काम करता था वह मशीन खराब थी। इस संबंध में ठेकेदार योगेश को बताया था लेकिन ठेकदार ने कोई ध्यान नहीं दिया। 26 अप्रैल को राहुल जब कंपनी में काम कर रहा था तो उसके दोनों हाथ मशीन में आकर कट गए। राहुल के साथी वर्कर ने उसे आनन-फानन में उपचार के लिए ईएसआई फरीदाबाद दाखिल में कराया। पीड़ित जब कंपनी में एचआर और मुख्य प्रबंधक के पास पहुंचा तो यह घटना बताई तो उन्होंने पीड़ित के साथ अभद्र व्यवहार किया और वहां से भगा दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।