बिजली की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सदर थाना अंतर्गत गांव सिहा में लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति की एक घर में बोरवेल का काम करते समय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। शव को पलवल सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। गौरतलब है कि गांव सिहा निवासी सुखबीर बोरवेल का काम करता है। गांव में ही रविवार देर शाम करीब साढ़े पांच बजे वह बोरवेल का काम कर रहा था। जिसमें वह लोहे के पाइप को बोरवेल से बाहर निकल रहा था। उसी दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों के संपर्क में आ गया। जिससे सुखबीर करंट की चपेट में आने गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुखबीर को आनन फानन में ग्रामीणों की मदद से पलवल के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।