दोहरे हत्याकांड की परतें खुलने लगीं
हथीन। मंडकोला गांव के दोहरे हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार साजिश करने वाले रोहताश को पलवल सीआईए रविवार को घटनास्थल पर ले गयी और निशानदेही कराई। मृतक कुंवरपाल और लेखन की लाशें ईको गाड़ी में जिस स्थान पर मिलीं उस स्थल की पहचान आरोपी रोहताश ने करके तसदीक करा दी। रोहताश को इंचार्ज अमित कुमार की टीम मथुरा जिले के बरसाना थाना अंतर्गत संपर्क मार्ग पर ले गयी थी। पुलिस पूछताछ में रोहताश ने स्वीकार किया है कि नींद की गोलियां मंडकोला गांव के ही एक मेडिकल स्टोर से ली थीं। पेट्रोल मानपुर गांव के निकट स्थित पेट्रोल पंप से लिया था। पुलिस रोहताश को उक्त दोनों स्थलों पर भी ले गयी। जांच अधिकारी अमित कुमार का कहना है कि हत्याकांड के मामले में कई अन्य तथ्य सामने आये हैं। जिन्हें चार्जशीट के दौरान अदालत में रखा जाएगा। इस बीच पता चला है दोहरे हत्याकांड के दोनों मुख्य आरोपियों लालाराम और रोहताश ने यह अपराध करने से पहले कई आपराधिक धारावाहिक टीवी पर देखे थे। सूत्रों के मुताबिक जिस समय सात फरवरी की रात्रि को लेखन और कुंवरपाल को जिंदा जलाया जा रहाथा कथितरूप से कुंवरपाल ने निकलने का प्रयास किया था। परन्तु आरोपियों ने उसे दबोचकर जला डाला। जांच अधिकारी अमित ने बताया इस मामले में अभी भी दो अन्य आरोपियों की पुलिस को तलाश है। जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार रेड़ डाली जा रही है।