शनिदेव की परिक्रमा से लौट रहे व्यक्ति से कार और नकदी लूटी
पलवल। कोकिलावन स्थित शनिदेव के दर्शन कर लौट रहे कार सवार एक व्यक्ति से बदमाशों ने हथियार दिखाकर कार, मोबाइल और नकदी लूट ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि एनआईटी (फरीदाबाद) निवासी कमल ने बताया कि वह शुक्रवार को देर शाम शनिदेव मंदिर कोसीकलां कोकिलावन की परिक्रमा करने के बाद लौट रहा था। टोल बचाने के लिए वह लिंक मार्ग से गुदराना के पास से तुमसरा गांव से निकलने के लिए मुुड़ गया। जब वह गुदराना गांव के निकट पहुंचा तो एक बाइक सवार युवक ने बाइक को कार के आगे गिरा दिया। पीड़ित का कहना है कि कार के रुकते ही वहां पर तीन-चार युवक और आ गए। युवकाें आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और पर्स में रखी तीन हजार की नकदी, मोबाइल, सोने की अंगूठी और कार को लूट लिया। पीड़ित ने जब लुटेरों का विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने जैसे-तैसे हाईवे पर पहुंच कर मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।