पलवल। सदर थाना क्षेत्र में फलों के पैसे मांगने पर विक्रेता को चाकू मारकर घायल करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने घायल विक्रेता के भाई की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सदर थाना प्रभारी सुमन कुमार के अनुसार इलाहाबाद यूपी के राहूपुरा निवासी बबलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 30 वर्षीय भाई निजाम बुग्गी से फेरी लगाकर गांव - गांव जाकर फल बेचता है। सोमवार देर शाम करीब दस बजे निजाम गांव बामनीखेड़ा में फल बेच रहा था। उसी दौरान सोनू नामक युवक आया और उसने निजाम से फल खरीद लिए। जब निजाम ने उक्त युवक से फलों के पैसे मांगे। तो पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसी विवाद में सोनू ने निजाम पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए पलवल के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।