पलवल। गांव बडौली में 17 वर्षीय युवती की हत्या जमीनी विवाद में की गई थी। हत्या के आरोप में गिरफ्तार चचेरे भाई सतबीर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए यह खुलासा किया है। वारदात के दौरान भाई-बहन में हाथापाई हुई थी। आरोपी सतबीर के हाथ में चाकू के निशान व गर्दन पर नाखून के निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या में प्रयोग किए गए चाकू को बरामद किया जाएगा।
डीएसपी यशपाल खटाना ने बताया कि 20 मार्च की रात गांव बड़ौली निवासी शिवानी की हत्या हुई थी। मृतका मां भतेरी देवी ने शिकायत दी थी कि शिवानी घर पर अकेली थी और उसकी वह दुकान पर थी। शोर सुनकर वह घर पहुंची शिवानी को खून से लथपथ पाया। इस बारे में पुलिस को सूचना दी। मृतका की मां भतेरी ने देवर के बेटे सतबीर पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी सतबीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उनका ताई से जमीन का विवाद चल रहा था। भतेरी देवी का कोई बेटा नहीं है, इसलिए सतबीर अपने नाम जमीन करवाना चाहता था। पुलिस आरोपी से हत्या में प्रयोग किए गए हथियार को बरामद करने में लगी है।