डीसी को सौंपा अविश्वास प्रस्ताव का पत्र, भ्रष्टाचार के मामलों से नाराज 14 पार्षद हटाने की मांग पर अड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नगर परिषद होडल में बढ़ते भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से नाराज पार्षदों ने भाजपा समर्थित चेयरपर्सन इंद्रेश कुमारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को नगर परिषद के 21 सदस्यों में से 14 पार्षदों ने जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ से मुलाकात कर चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए औपचारिक पत्र सौंपा। पार्षदों का कहना है कि नगर परिषद में लंबे समय से विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है, जबकि चेयरपर्सन और अधिकारी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। इसको लेकर पार्षदों में भारी असंतोष है।
अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वालों में वाइस चेयरपर्सन मनीषा, डिगंबर, दीपक, लालचंद, रोहताश, कुलदीप, राजसिंह, नीरज, पुनीत गौतम, सुनीता, सीमा, मीरा, पिंकी और हेतराम शामिल हैं। सभी ने डीसी से मुलाकात कर चेयरपर्सन इंद्रेश कुमारी को पद से हटाने और परिषद बोर्ड की बैठक बुलाने की मांग की। नाराज पार्षदों ने आरोप लगाया कि अधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं और चेयरपर्सन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से चलने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है, जिससे नगर परिषद की साख गिर रही है। पार्षदों ने डीसी से हरियाणा म्युनिसिपल (संशोधन) एक्ट 2020 की धारा 17(ए) के तहत अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। इस पर जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि पार्षदों का पत्र प्राप्त हुआ है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए जल्द समय निर्धारित किया जाएगा।