जिले में कल 6 केंद्रों पर होगा कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास
पलवल। जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से गंभीर नजर आ रहा है। बृहस्पतिवार को 6 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप ने संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली। टीकाकरण को लेकर अधिकारियों को किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत भी दी गई। सिविल सर्जन ने बताया कि जिन डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी टीकाकरण में लगाई गई है, उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ये हैं केंद्र
जिले में स्वास्थ्य केंद्र होडल, दूधौला, हथीन, अलावलपुर के अलावा दो अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पूर्वाभ्यास के लिए चुना गया है। इन केंद्रों पर छह अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में 15 कर्मचारी शामिल रहेंगे। इन स्थानों 7 जनवरी को टीकाकरण का पूर्वाभ्यास होगा। इससे पहले एक बार सामान्य प्रक्रिया अपनाकर देखी जा चुकी है।
सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश मलिक व वैक्सीन कोल्ड चैन मैनेजर हिदायत ने बताया कि 7 जनवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। पूर्वाभ्यास के दौरान टीकाकरण के दौरान होने वाली सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। मरीजों के आने से लेकर से लेकर उन्हें बिठाने और टीकाकरण की प्रक्रिया पर ध्यान दिया जाएगा। हालांकि इस दौरान किसी को टीका नहीं लगाया जाएगा।
जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। मैं स्वयं अभियान का लगातार जायजा ले रहा हूं। स्वास्थ्य विभाग व सरकार के आदेशों के तहत गंभीरता से कार्य किया जाएगा। टीकाकरण को लेकर किसी तरह की शंका विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व डॉक्टरों में नहीं है।
डॉ. ब्रह्मदीप, जिला सिविल सर्जन