होडल। नेशनल हाईवे पर हसनपुर फ्लाईओवर के पास मंगलवार सुबह मथुरा की तरफ से दिल्ली जा रही यूपी रोडवेज की बस को पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक सहित बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक और बस आपस में फंस गए, जिन्हें हाइड्रा की मदद से हटाया गया। घायल यात्रियों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे शहर से दिल्ली और फरीदाबाद जाने के लिए कई लोग बस का इंतजार कर रहे थे। मथुरा की दिशा से आ रही बस को चालक ने नहीं रोका, जिससे नाराज लोगों ने हाईवे पर रखे पुलिस बैरिकेड्स बस रोकने के लिए लगा दिए। इस दौरान आगरा से दिल्ली जा रही यूपी रोडवेज की बस ने बस रोकने के बजाय दूसरी लेन पर प्रवेश किया, जहां पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने उसमें टक्कर मार दी।
टक्कर से बस में बैठी कई महिलाएं और पुरुष घायल हो गए। रोडवेज बस के चालक हरिओम ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों वाहन आपस में फंस गए थे, जिन्हें हाइड्रा की मदद से अलग किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई है। वहीं, थाना प्रभारी सोमपाल सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।