राजकीय माध्यमिक विद्यालय नंबर-2 और 6 के पास हादसों का खतरा होगा कम
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सोहना रोड स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय नंबर-2 और 6 के पास खुले नाले की वजह से हादसों कीआशंका को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित खबर अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। शुक्रवार को नगर परिषद ने नाले के किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू करा दिया है।
लोगों के अनुसार कई बार लावारिस पशु नाले में गिर चुके हैं। रात और बरसात में कई बाइक सवार भी संतुलन बिगड़ने से नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की आवाजाही रहती है, जिससे अभिभावकों को भी चिंता बनी रहती थी। अब वे राहत महसूस कर रहे हैं।
नगर परिषद के जेई हर्ष कुमार ने बताया कि संबंधित सड़क और नाला लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं। समय-समय पर इस नाले की स्थिति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन वहां से कोई प्रगति नहीं होने पर नगर परिषद ने जनहित को देखते हुए अपने स्तर पर सुरक्षा दीवार बनाने का कार्य शुरू कराया है। इस संबध में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया पर संपर्क नहीं हो पाया।