हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण पर भी जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के विरोध में मंगलवार को पलवल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने किया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस के सह-प्रभारी जितेन्द्र बघेल मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर राहुल गांधी के समर्थन में आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण किए जाने के मामले पर भी कांग्रेस नेताओं ने रोष जताया। जितेन्द्र बघेल ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे मामलों से डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने हल्द्वानी की घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के खिलाफ होने वाली ऐसी घटनाओं का विरोध किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के सम्मान की रक्षा के लिए है। राहुल गांधी की आवाज करोड़ों देशवासियों की आवाज है और उन्हें मुकदमे के जरिए डराने या चुप कराने की कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने और हल्द्वानी की कथित घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।