संवाद न्यूज एजेसी
हथीन। जिले में पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद मौसम साफ होने से सरसों की बिजाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, 25 अक्तूबर तक बिजाई का समय उपयुक्त है। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम होने और खेत में पर्याप्त नमी होने पर बिजाई करनी चाहिए।
कृषि विभाग के बीटीएम मुकेश ने बताया कि अगेती बिजाई के लिए प्रति एकड़ एक से डेढ़ किलोग्राम और पछेती बिजाई के लिए डेढ़ से दो किलोग्राम बीज पर्याप्त है। किसान आरएच-1975, आरएच-725, आरएच-749, आरएच-1706, आरएच-775 और आरएच-881 जैसी उन्नत किस्मों का चयन कर सकते हैं। उन्होंने बिजाई से पहले बाविस्टीन या ट्राइकोडर्मा से बीजोपचार करने की सलाह दी, ताकि तना गलन रोग से बचाव हो सके। मुकेश ने कहा कि किसान मिट्टी की जांच के अनुसार संतुलित खाद का प्रयोग करें और कतारों में उचित दूरी रखें। मलाई गांव के किसान मोहम्मद जकरिया और खिल्लुका गांव के याह्या नंबरदार ने बताया कि किसान खेत तैयार कर रहे हैं और मौसम अनुकूल होने से अच्छी पैदावार की उम्मीद है।