होडल। मार्केट कमेटी की सचिव व चेयरमैन का विवाद थम नहीं रहा है। अब कमेटी के सदस्य मनोज सौरोत ने सीएम विंडो पर सचिव के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में मार्केट कमेटी में भ्रष्टाचार फैलाने, गेहूं की अधिक आवक को कम दर्शा सरकारी रिकार्ड से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायत में सदस्य ने मुख्यमंत्री से जांच करा कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सदस्य मनोज सौरोत ने बताया कि इन दिनों अनाज मंडी में सरसों की फसल की लगभग दो सौ क्विंटल और चार सौ क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है जबकि नीलामी रजिस्ट्रर में दर्ज नहीं की जाती हैं। शिकायत में सचिव पर सदस्यों व किसानों के बोलने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इससे पहले चेयरमैन जगमोहन गोयल भी सचिव के खिलाफ सीएम को शिकायत भेज चुके हैं।