संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को सरकारी योजनाओं के तहत समय पर आर्थिक सहायता और उपचार उपलब्ध करवाया जाए। वे मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में बताया गया कि जिले में हिट एंड रन के 31 मामलों में से 22 में मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। उपायुक्त ने शेष मामलों में आवश्यक दस्तावेज जल्द पूरे कर पात्र लोगों को राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों को दो लाख रुपये और गंभीर चोट लगने पर 50 हजार रुपये की सहायता मिलती है। दुर्घटना पीड़ित की मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निजी अस्पतालों और ट्रॉमा सेंटरों की सुविधाओं की ग्रेडिंग कर रिपोर्ट आगामी बैठक से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।