बस की टक्कर से राहगीर गंभीर रूप से घायल, दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले हादसे में गदपुरी थाना क्षेत्र के दुघौला-धतीर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कंपनी सुपरवाइजर की मौत हो गई। वहीं, आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर औरंगाबाद के पास गलत दिशा से आ रही बस ने सड़क किनारे खड़े राहगीर को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस की जांच में मृतक की पहचान बिहार निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। भाई अश्वनी कुमार ने बताया कि 24 मार्च को कंपनी के एचआर विभाग से दुर्घटना की सूचना मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
दूसरे मामले में कुलदीप उपचारधीन है। वह हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल के बेटे साहिल ने बताया कि हादसे में उनके पिता के पैर की हड्डी टूट गई और पसलियों में भी फ्रैक्चर है। घटना के बाद घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर लापरवाही की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।