हथीन।
विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी की संस्तुति पर प्रशासन ने क्षेत्र में 12 स्थानों पर पुस्तकालयों की स्थापना के लिए भूमि चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में एसडीएम हरिराम ने बीडीपीओ एवं बीईओ की दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति संबंधित स्थलों पर भूमि की उपलब्धता एवं स्वामित्व की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। बीडीपीओ हथीन अमित कुमार ने भूमि उपलब्धता को लेकर संबंधित गांवों के सरपंचों से भी रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में सरपंचों को शीघ्र सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिखित निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने बताया कि हथीन शहर, जनाचौली, गहलब, पूठली, मंडकौला, बहीन, रनियाला खुर्द, गुराक्सर, आलीमेव, रूपड़ाका, कोट एवं उटावड़ में पुस्तकालयों की स्थापना मेवात विकास अभिकरण के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए मेवात विकास अभिकरण के सीईओ अखिल पिलानी सहमति दे चुके हैं।