पलवल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने गांव जैंदापुर स्थित एक खाद बीज भंडार की दुकान पर बृहस्पतिवार को छापा मारकर दुकान संचालक को एमआरपी से 200 रुपये अधिक खाद के कट्टे बेचते पकड़ा है। शिकायत के आधार पर आरोपी वेदप्रकाश निवासी हुडा सेक्टर-2 के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी हनीश खान के अनुसार एसडीओ कृषि विभाग पलवल कुलदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि सूचना प्राप्त हुई कि गांव जैंदापुर स्थित न्यू किसान बीज भंड़ार पर डीएपी बैग (कट्टा) को सरकार के निर्धारित रेट 1200 से अधिक 1400 रुपये में बेचा जा रहा है। शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर गांव देवली निवासी रमेश शर्मा को 1400 रुपये देकर एक कट्टा खाद खरीदने के लिए भेजा गया और रुपयों के नंबर टीम द्वारा पहले ही नोट कर लिए गए। रमेश दुकानदार से खाद का बैग खरीदकर जैसे ही बाहर निकला तो उसने टीम को इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही टीम ने दुकान पर पहुंची और दुकानदार को काबू कर उसके कब्जे से दिए हुए 1400 रुपये बरामद कर लिए गए।