प्रिंसिपल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, स्कूल प्रबंधन का आरोपों से इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कालड़ा कॉलोनी स्थित डीआरपी पब्लिक स्कूल के नौवीं के छात्र दिवेश ने शनिवार दोपहर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने प्रिंसिपल सोनू गुप्ता पर मारपीट, धमकाने और मां के सामने उसे अपमानित करने का आरोप लगाया है। रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर शनिवार रात प्रिंसिपल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पिता लखन का आरोप है कि शनिवार को स्कूल में दिवेश की सहपाठी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद प्रिंसिपल ने सभी छात्रों के सामने दिवेश को पीटा। पिता ने प्रिंसिपल पर उसका जीवन बर्बाद करने और सामाजिक बेइज्जती करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। आरोप है कि दिवेश की मां संध्या को स्कूल बुलाकर उनके सामने भी अपमानित किया गया और उनके साथ दिवेश को घर भेज दिया, जबकि इसी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ रहे दिवेश के छोटे भाई गौरव को स्कूल में रोककर धमकाया गया।
परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर को घर पहुंचने के बाद तनाव में दिवेश ने ऊपर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर गौरव ने दरवाजे के ऊपर से उसे पंखे से लटका देखा। परिजन दिवेश को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि दिवेश डॉक्टर बनना चाहता था।
उधर, स्कूल निदेशक राजकुमार शर्मा ने बताया कि दिवेश का आठवीं के छात्र से पानी पीने के दौरान झगड़ा हुआ था। इसमें दूसरे छात्र के सिर में चोट आई थी। दिवेश को समझाकर उसकी मां को स्कूल बुलाया गया और उसे घर भेज दिया गया था। उन्होंने मारपीट करने और धमकाने के आरोपों से इन्कार किया है।