संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। शहर की हामिद कॉलोनी में कोर्ट का सम्मन भेजने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव होने का मामला सामने आया है। सकील पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी वार्ड नंबर-1 ने पुलिस को शिकायत देकर सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 7 सितंबर को कोर्ट का सम्मन मिलने पर उसने रहीश से सम्मन भेजने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद रहीश और उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों से मारपीट की। शिकायत में हारून और ताऊ के बेटे रहीश को चोट लगने की बात कही गई है। साथ ही स्विफ्ट कार पर पत्थर बरसाकर क्षतिग्रस्त करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। जांच अधिकारी लखनपाल ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते की बातचीत चल रही है। कार्रवाई के लिए एक दिन का समय मांगा गया है।